महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: कांग्रेस ने 3 उम्मीदवारों के नाम किए घोषित, नागपुर-पुणे-अमरावती में मुकाबला तय
मुंबई: महाराष्ट्र विधान परिषद (Maharashtra Legislative Council) के आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी बीच कांग्रेस ने नागपुर स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने तीन उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
कांग्रेस की ओर से जारी सूची के मुताबिक, नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधायक अभिजीत वंजारी (Abhijit Wanjari) और पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधायक जयंत आसगावकर (Jayant Asagaonkar) को एक बार फिर चुनाव मैदान में उतारा गया है।
वहीं, अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आदिति पोहरे (Aditi Pohare) को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। इन तीनों नामों की घोषणा के साथ ही कांग्रेस के भीतर चल रही उम्मीदवारी को लेकर चर्चाओं पर विराम लग गया है।
कांग्रेस ने उम्मीदवारों के ऐलान में बनाई बढ़त
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में टिकट के लिए सभी राजनीतिक दलों में इच्छुक उम्मीदवारों की बड़ी संख्या देखने को मिल रही है। कांग्रेस ने सबसे पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी तैयारियों में बढ़त बना ली है। अब कांग्रेस की घोषणा के बाद भाजपा समेत अन्य प्रमुख राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों के नाम कब घोषित करते हैं, इस पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।
चुनाव का पूरा कार्यक्रम:
- अधिसूचना जारी: 29 सितंबर 2026
- नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख: 6 अक्टूबर 2026
- नामांकन पत्रों की जांच: 7 अक्टूबर 2026
- नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख: 9 अक्टूबर 2026
- मतदान: 23 अक्टूबर 2026, सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
- मतगणना और परिणाम: 27 अक्टूबर 2026
कांग्रेस की ओर से तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के बाद अब इन तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अन्य दलों के उम्मीदवारों की घोषणा के बाद मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।
admin
News Admin