PM नरेंद्र मोदी 3 नवंबर को बारामती दौरे पर, विद्या प्रतिष्ठान में गौतम बुद्ध की 4 टन वजनी भव्य प्रतिमा का करेंगे अनावरण
पुणे/बारामती: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी 3 नवंबर को बारामती में आयोजित होने वाले विशेष समारोह की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे और विद्या प्रतिष्ठान परिसर में स्थापित भगवान गौतम बुद्ध की विशाल प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
शरद पवार के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 नवंबर को सुबह 10 बजे बारामती हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे विद्या प्रतिष्ठान परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे।
4 टन वजनी है भगवान बुद्ध की प्रतिमा
विद्या प्रतिष्ठान परिसर में स्थापित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा का वजन करीब 4 टन बताया गया है। शरद पवार ने कहा कि प्रतिमा की भाव-भंगिमा और स्वरूप इसे विशेष बनाते हैं। प्रतिमा जिस सभागार में स्थापित की गई है, वहां भगवान बुद्ध की विभिन्न हस्तमुद्राओं की दीर्घा भी बनाई गई है। प्रत्येक हस्तमुद्रा का अर्थ और उसका महत्व भी दर्शाया गया है।
राजमाता जिजाऊ समेत महापुरुषों की पेंटिंग्स
बुद्ध प्रतिमा वाले सभागार के आगे एक विशेष गोलाकार दीर्घा भी तैयार की गई है। इसमें महाराष्ट्र और देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महापुरुषों के जीवन एवं कार्यों को पेंटिंग्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इस दीर्घा में राजमाता जिजाबाई समेत विभिन्न महान व्यक्तित्वों की भव्य पेंटिंग्स लगाई गई हैं। प्रत्येक पेंटिंग का आकार करीब 5 फीट चौड़ा और 9 फीट ऊंचा बताया गया है।
कई दिग्गज हस्तियों को आमंत्रण
इस विशेष समारोह के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित कई प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के प्रमुख, सांसद पार्थ पवार और उद्योगपति साइरस पूनावाला को भी कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। 3 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने वाले इस अनावरण समारोह को लेकर बारामती में तैयारियां तेज हो गई हैं।
admin
News Admin