'उस भारतीय पायलट को मेरा सलाम', फ्लाई दुबई विमान में टला बड़ा हादसा; इज़राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने की कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ
तेल अवीव: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में एक बड़ा हादसा टल गया है। उड़ान के दौरान एक पायलट ने विमान पर नियंत्रण पाने और उसे क्रैश करने के इरादे से अपने सह-पायलट (को-पायलट) पर चाकू से हमला कर दिया। हालांकि, इस बेहद खतरनाक स्थिति में भारतीय मूल के मुंबईकर सह-पायलट कैप्टन स्मित मच्छार (Smit Machchhar) ने असीम साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। इस बहादुरी के लिए इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने कैप्टन स्मित मच्छार की जमकर तारीफ की है और उन्हें 'असली हीरो' बताया है।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन स्मित मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और डटकर मुकाबला किया। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे अन्य यात्रियों और क्रू मेंबर्स को हमलावर को काबू में करने में मदद मिली। क्रू मेंबर्स और यात्रियों की सूझबूझ से विमान का मार्ग बदला गया और उसे सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के ताबूक एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। इस विमान में इज़रायली नागरिकों समेत कुल 174 से अधिक यात्री सवार थे।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू का बयान
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कैप्टन स्मित मच्छार के असाधारण साहस को सलाम किया है। उन्होंने लिखा, "असाधारण बहादुरी के लिए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को मेरा सलाम। चाकू से गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्होंने लड़ाई लड़ी, विरोध किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व क्रू को हमलावर पर काबू पाने में मदद की—जिससे हवा में एक बड़ा भीषण हादसा टल गया। उन्होंने इज़रायली नागरिकों सहित कई लोगों की जान बचाई। मैं कैप्टन मच्छार के जल्द और पूरी तरह से ठीक होने की कामना करता हूँ। वह एक असली हीरो हैं।"
यात्री की बहादुरी की भी सराहना
इस घटना के दौरान विमान में मौजूद इज़रायली यात्री यानिव हायून (Yaniv Hayun) ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर मदद की थी। खून से सने टी-शर्ट में ही हायून ने पीएम नेतन्याहू से मुलाकात की। नेतन्याहू ने उनकी पीठ थपथपाते हुए कहा, "मैं एक शेर देख रहा हूँ, मैं एक बड़ा हीरो देख रहा हूँ।" इस साहसी घटना के बाद से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शौर्य की चर्चा हो रही है और हर कोई उनके जज्बे को सलाम कर रहा है।
admin
News Admin