Nagpur Air Fest 2026: सुखोई की गर्जना से गूंजा उपराजधानी नागपुर का आसमान, आसमानी करतबों ने बांधा समां
नागपुर: उपराजधानी नागपुर के आसमान में रविवार को ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को रोमांचित कर दिया। भारतीय वायुसेना के सुखोई-30 लड़ाकू विमान की गर्जना से आसमान गूंज उठा, तो सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के हैरतअंगेज करतबों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मौका था भारतीय वायुसेना की मेंटेनेंस कमांड की ओर से आयोजित दो दिवसीय 'एयर फेस्ट 2026' का। हेलिकॉप्टरों की शानदार कलाबाजियां, आसमान से पैराशूट के जरिए उतरते जांबाज और वायुसेना के विशेष कमांडो का प्रदर्शन इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे।
नागपुर के वायुसेना नगर स्थित मेंटेनेंस कमांड मुख्यालय में 21 और 22 नवंबर को दो दिवसीय एयर फेस्ट 2026 का आयोजन किया गया। भारतीय वायुसेना की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में वायुसेना की ताकत, तकनीक, अनुशासन और जांबाजों के साहस का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। रविवार को कार्यक्रम के दौरान सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान ने आसमान में अपनी ताकत और रफ्तार का प्रदर्शन किया। विमान की तेज गर्जना ने दर्शकों में रोमांच भर दिया।
इस एयर फेस्ट का एक बड़ा आकर्षण सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम रही। टीम के लड़ाकू विमानों ने आसमान में एक के बाद एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। विमानों की सटीक उड़ान, आपसी तालमेल और अलग-अलग आकृतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने भी शानदार हवाई करतबों से अपनी कुशलता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम के जांबाज पैराशूट के जरिए आसमान से नीचे उतरे। इसके अलावा गरुड़ स्पेशल फोर्सेज के कमांडो ने अपने साहस और सैन्य कौशल का प्रदर्शन किया। एयर वॉरियर ड्रिल टीम की अनुशासित प्रस्तुति भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही।
इस दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर युवाओं को भारतीय वायुसेना की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीक और सैन्य क्षमताओं से परिचित कराना था। कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न नागरिक संगठनों को आमंत्रित किया गया था। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी रविवार को इस आयोजन में अतिथि के रूप में शामिल हुए। एयर फेस्ट 2026 ने एक बार फिर नागपुर के आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य, पराक्रम और तकनीकी सामर्थ्य की शानदार तस्वीर पेश की।
admin
News Admin