अजनी चौक पर भीषण हादसा, तेज रफ़्तार आपली बस ने राहगीर को रौंदा; हादसे में व्यक्ति की मौत,महिला घायल
नागपुर: नागपुर शहर के अजनी चौक पर लगने वाला जाम और सड़कों पर अवैध पार्किंग अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। रविवार सुबह चौराहे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार आपली बस ने राहगीरों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बस की महिला परिचालक घायल हो गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बजाज नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नागपुर शहर का अजनी चौराहा बेहद व्यस्त और प्रमुख चौराहों में से एक है। लेकिन यहां रोजाना लगने वाला जाम अब नासूर बनता जा रहा है। सड़कों पर होने वाली अवैध पार्किंग के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है और अब यह समस्या लोगों की जान पर भी भारी पड़ने लगी है।
रविवार सुबह चौराहे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार आपली बस ने सड़क पर चल रहे एक राहगीर को कुचल दिया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर मेट्रो स्टेशन के पिलर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार महिला परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय राजू शाह के रूप में हुई है, जो तात्या टोपे नगर के निवासी थे। वहीं घायल महिला परिचालक का नाम वैशाली चौधरी बताया गया है। हादसे के बाद बस चालक रियाज शेख वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बजाज नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला परिचालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद नागरिकों में बेहद आक्रोश
इस हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नागरिकों का कहना है कि सड़कों पर लगातार हो रही अवैध पार्किंग अब उनकी जान के लिए खतरा बन गई है। सुबह हो या शाम, सड़कों पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण आवागमन में भारी परेशानी होती है। नागरिकों ने पुलिस और प्रशासन से अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाने और चौराहे को जाम से मुक्त कराने की मांग की है।
जल्द से जल्द करें समस्या का समाधान
अजनी चौराहे पर लगने वाला जाम केवल आसपास के रहवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि वर्धा रोड से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए भी बड़ी परेशानी बन चुका है। खासकर व्यस्त समय में यहां यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। यूसीएन न्यूज लगातार इस समस्या को सामने लाकर इसके समाधान की मांग कर रहा है। चौराहे का स्थायी समाधान निकालने में भले ही समय लगे, लेकिन कुछ जरूरी बदलाव करके फिलहाल नागरिकों को राहत जरूर दी जा सकती है।
सुझावों पर अमल करें प्रशासन
बीते दिनों नागरिकों ने इस समस्या के समाधान के लिए कई सुझाव भी दिए थे। इनमें पुराने यातायात संकेतों को दोबारा शुरू करना, मेट्रो स्टेशन और उसके आसपास होने वाली पार्किंग पर रोक लगाना तथा बर्डी की ओर से आने वाले यातायात की गति नियंत्रित करना प्रमुख रूप से शामिल है। यदि यातायात पुलिस और प्रशासन इन सुझावों पर गंभीरता से अमल करते हैं, तो स्थायी समाधान होने तक अजनी चौराहे पर जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
admin
News Admin