क्लासरूम में अचानक घुसा सांप, बच्चों में मची अफरा-तफरी! सर्प मित्र ने मौके पर पहुंचकर किया सुरक्षित रेस्क्यू
नागपुर: नागपुर के वानाडोंगरी-हिंगना इलाके से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां लिटिल एंजल हायर इंग्लिश मीडियम स्कूल के क्लासरूम में अचानक सांप घुसने से बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि शिक्षकों की सूझबूझ और सर्प मित्र की तत्परता से सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
मामला नागपुर के अष्टविनायक एम्पायर, वानाडोंगरी-हिंगना स्थित लिटिल एंजल हायर इंग्लिश मीडियम स्कूल का है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बच्चे क्लासरूम में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सांप क्लासरूम में दिखाई दिया। सांप को देखते ही बच्चों में डर का माहौल बन गया और क्लास में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने तुरंत स्थिति को संभाला और सभी बच्चों को सुरक्षित तरीके से क्लासरूम से बाहर निकाला।
इसके बाद सर्प मित्र आकाश मेश्राम को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही आकाश मेश्राम मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू किए गए सांप की पहचान धामन प्रजाति के रूप में हुई है। सर्प मित्र के मुताबिक धामन सांप जहरीला नहीं होता। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया गया।
सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने राहत की सांस ली। सर्प मित्र आकाश मेश्राम ने स्कूल परिसर में साफ-सफाई रखने और खिड़कियों पर जाली लगाने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
admin
News Admin