पेपर लीक करने वालों पर कसेगा शिकंजा, 10 करोड़ जुर्माना और 10 साल तक की जेल; मुख्यमंत्री फडणवीस बोले- इसी सत्र में कानून लाने का प्रयास
नागपुर: महाराष्ट्र में पेपर लीक करने वालों की अब खैर नहीं! उच्चस्तरीय समिति ने पेपर लीक गिरोहों को 10 करोड़ रुपये तक जुर्माना और 10 साल की जेल, जबकि गड़बड़ी करने वाली कंपनियों पर आठ साल के प्रतिबंध की सिफारिश की है। वहीं सिफारिशों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुझवों को लागू करने और आगामी शीतकालीन सत्र में विधेयक लाने की बात कही है।
महाराष्ट्र में पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ियों पर रोक लगाने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति ने अपनी दूसरी रिपोर्ट में कई अहम सिफारिशें की हैं। रिपोर्ट के मुताबिक,
- पेपर लीक करने वाले गिरोहों को 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माना।
- दोषियों की संपत्ति जब्त करने का सुझाव।
- परीक्षा में नकल करने वालों को 5 से 10 साल की जेल और 50 लाख रुपये तक जुर्माना।
- गड़बड़ी करने वाली कंपनियों पर 5 करोड़ रुपये तक जुर्माना।
- ऐसी कंपनियों पर 8 साल तक प्रतिबंध लगाने की सिफारिश।
समिति ने पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित करने और जल्द सुनवाई के लिए विशेष अदालतें बनाने का सुझाव भी दिया है। साथ ही परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए साइबर सुरक्षा मजबूत करने, परीक्षा केंद्रों की निगरानी और हर साल अक्टूबर तक अगले वर्ष का परीक्षा कैलेंडर जारी करने की सिफारिश की गई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, समिति की रिपोर्ट सरकार को मिल गई है। इसमें परीक्षा व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए कई सुझाव दिए गए हैं। सरकार इसी शीतकालीन सत्र में इस संबंध में विधेयक लाने का प्रयास करेगी।
admin
News Admin