Nagpur: अब अतिक्रमणकारियों से खर्च वसूलेगा मनपा प्रशासन, आयुक्त डॉ. विपीन इतनकर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
नागपुर: नागपुर शहर में नासूर बन चुके अतिक्रमण को लेकर महानगरपालिका ने अब कड़ा रुख अपना लिया है। सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जा करने वालों को मनपा ने खुद अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है। ऐसा नहीं करने पर विशेष निष्कासन अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। इतना ही नहीं, अतिक्रमण हटाने पर होने वाला खर्च भी अतिक्रमणकारियों से ही वसूल किया जाएगा।
नागपुर महानगरपालिका क्षेत्र में सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों, चौराहों और यातायात के लिए आरक्षित जगहों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया गया है। इन अतिक्रमणों के चलते यातायात जाम, दुर्घटनाओं का खतरा और पैदल चलने वालों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मनपा आयुक्त डॉ. विपीन ने अतिक्रमणधारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मनपा की कार्रवाई के दायरे में सड़कों और फुटपाथों पर बनी अवैध दुकानें, टपरियां, शेड, मंडप, हाथगाड़ियां, फेरीवालों के ठिकाने, विज्ञापन बोर्ड, स्टॉल, बेंच, कुर्सियां और निर्माण सामग्री सहित सभी तरह के अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण शामिल हैं। मनपा ने संबंधित लोगों से तत्काल खुद अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक जगहों को खाली करने की अपील की है।
मनपा आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम 1949 की धारा 226, 229, 230 और 231 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष निष्कासन अभियान चलाया जाएगा। खास बात यह है कि अब अतिक्रमण हटाने के लिए मनपा को आने वाला खर्च भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से वसूल किया जाएगा। इसके अलावा जुर्माना और अन्य शुल्क भी वसूले जाएंगे। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी। मनपा ने दुकानदारों, व्यावसायिकों और फेरीवालों से खुद अतिक्रमण हटाकर शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
admin
News Admin