Chandrapur: मनपा के छह अधिकारियों को नोटिस हिराई महोत्सव में अव्यवस्था और प्रोटोकॉल उल्लंघन के आरोप
चंद्रपुर: चंद्रपुर जिला प्रशासन और महानगरपालिका द्वारा आयोजित हिराई महोत्सव में प्रोटोकॉल और स्टेज व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। इस मामले में सांसद प्रतिभा धानोरकर (Pratibha Dhanorkar) ने प्रोटोकॉल उल्लंघन की शिकायत सीधे लोकसभा अध्यक्ष से की थी। शिकायत के बाद अब चंद्रपुर महानगरपालिका ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मनपा के छह अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। स्टेज व्यवस्था, राजशिष्टाचार और कार्यक्रम नियोजन में लापरवाही को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
इन अधिकारियों में निर्माण विभाग के इंजीनियर भसारकर, भारती और पवार शामिल हैं। इसके अलावा शिक्षा विभाग के आत्राम, जनसंपर्क विभाग के रईच तथा स्टोर विभाग के सिद्दिकी को भी नोटिस जारी किया गया है।चंद्रपुर जिला प्रशासन द्वारा पहली बार हिराई महोत्सव का आयोजन शहर के कोहिनूर ग्राउंड में किया गया था। इस आयोजन के लिए शासन की ओर से विशेष निधि भी उपलब्ध कराई गई थी। हालांकि कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने का आरोप सांसद प्रतिभा धानोरकर ने लगाया था।
मामले की शिकायत लोकसभा अध्यक्ष तक पहुंचने के बाद महानगरपालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों पर नोटिस की कार्रवाई की। इस घटनाक्रम के बाद मनपा प्रशासन में हलचल तेज हो गई है और प्रशासनिक स्तर पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
admin
News Admin